देहात क्षेत्र में ईद-उल-अजहा का त्योहार पूरे धार्मिक उत्साह, भाईचारे और खुशियों के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और मुल्क में अमन-चैन, तरक्की तथा खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं।
बिड़ौली सादात की ईदगाह में मौलाना अजीमुद्दीन ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई, जबकि गांव की शाही जामा मस्जिद मुस्तफवी में मौलाना ऑन मोहम्मद साहब ने नमाज पढ़ाई। नमाज में कस्बे सहित आसपास के देहात क्षेत्रों से हजारों अकीदतमंद शामिल हुए।
नमाज से पहले उलेमाओं ने कुर्बानी की अहमियत, उसकी धार्मिक भावना और समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करने के संदेश पर विस्तार से रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, इंसानियत और जरूरतमंदों की मदद का पैगाम देती है।
ईद की नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा, जिससे लोगों ने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से नमाज अदा की और आसानी से अपने घरों को लौटे।
त्योहार के मौके पर बच्चों और युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला। नए कपड़ों में सजे लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर ईद की खुशियां साझा कीं।
विशेष रिपोर्ट : शाकिर अली
झिंझाना, जिला शामली (उत्तर प्रदेश)
"समझो भारत" राष्ट्रीय समाचार पत्र/पत्रिका एवं न्यूज़ पोर्टल के लिए विशेष रिपोर्ट
📞 8010884848, 9528680561
🌐 www.samjhobharat.com
No comments:
Post a Comment