शामली। उत्तर प्रदेश ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन द्वारा संगठन के संस्थापक स्वर्गीय बाबू बालेश्वर अग्रवाल की 39वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन पुरानी सब्जी मंडी स्थित सिद्ध पीठ मां भगवती आठ्ठे वाला मंदिर में तहसील अध्यक्ष अरविंद कौशिक के नेतृत्व में किया गया। यह आयोजन जिला अध्यक्ष इंद्रपाल पांचाल के निर्देश पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई, जहां पंडित प्रदीप पांडे ने विधि-विधान से मुख्य अतिथि डॉ. अर्जुन वर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कराया। इसके बाद उपस्थित सभी पत्रकारों और पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर संगठन के सभी कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय बाबू बालेश्वर अग्रवाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विचार गोष्ठी की अध्यक्षता अरविंद कौशिक ने की, जबकि संचालन राकेश गुप्ता द्वारा किया गया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय बाबू बालेश्वर अग्रवाल ने पत्रकारों को एकजुट करने और उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की स्थापना की थी। उन्होंने पत्रकार हितों की रक्षा के लिए जीवनभर संघर्ष किया और संगठन को मजबूत आधार प्रदान किया।
वक्ताओं ने कहा कि यद्यपि स्वर्गीय बाबू बालेश्वर अग्रवाल को इस दुनिया से गए 39 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन आज भी वह संगठन के प्रत्येक सदस्य के दिलों में जीवित हैं। संगठन के पदाधिकारी हर वर्ष उनकी पुण्यतिथि मनाकर उनके योगदान को याद करते हैं।
कार्यक्रम में अरविंद कौशिक, पंडित प्रदीप पांडे, सुनील वर्मा, राकेश गुप्ता, डॉ. अर्जुन वर्मा, अनिल संगल, चौधरी सुरेंद्र सिंह निरवाल, शौकीन सिद्दीकी, मास्टर रामकुमार, नवीन जैन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शामली, उत्तर प्रदेश
"समझो भारत" राष्ट्रीय समाचार पत्र/पत्रिका एवं न्यूज़ पोर्टल के लिए विशेष रिपोर्ट
📞 8010884848, 9528680561
🌐 www.samjhobharat.com
No comments:
Post a Comment