पुनीत द्विवेदी बने पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष, ब्राह्मण समाज में उत्साह का माहौल

शामली। अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण सभा पंजीकृत की एक महत्वपूर्ण बैठक शामली के मोहल्ला गुजरातियान स्थित काका भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंडित सत्यप्रकाश कौशिक ने की, जबकि संचालन डॉ. अनुराग शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे संगठन के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा ने सर्वसम्मति से पंडित पुनीत द्विवेदी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पद पर मनोनीत करने की घोषणा की।

इस घोषणा के बाद ब्राह्मण समाज के लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने नवनियुक्त अध्यक्ष पंडित पुनीत द्विवेदी का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं। साथ ही संगठन के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया।

बैठक के दौरान पंडित सलील द्विवेदी, अरविंद कौशिक, सत्यप्रकाश कौशिक और डॉ. अनुराग शर्मा ने पंडित पंकज शर्मा एवं उत्तर प्रदेश मंत्री पंडित रविदत्त शर्मा का पटका पहनाकर स्वागत किया।

अपने संबोधन में पंडित पंकज शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज के किसी भी व्यक्ति का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।

ब्राह्मण समाज से जुड़े वरिष्ठ नेता पंडित विजय कौशिक ने कहा कि पंडित पुनीत द्विवेदी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में समाज के हितों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।

नवनियुक्त पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंडित पुनीत द्विवेदी ने अपने वक्तव्य में कहा कि ब्राह्मण समाज के लोगों को अपनी परंपराओं और संस्कारों को बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि समाज की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना और उनका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में ब्राह्मण समाज के योगदान को याद करते हुए कहा कि मंगल पांडे और चंद्रशेखर आजाद जैसे महान क्रांतिकारियों ने राष्ट्रहित में सर्वोच्च बलिदान दिया था, जिससे आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम में अरविंद द्विवेदी, मास्टर बालकृष्ण शर्मा, सुरेश कुमार शर्मा, सलील द्विवेदी, सुनील गौतम, राकेश शर्मा, योगेंद्र शर्मा, प्रवेश शर्मा, मुकेश गौतम, वैभव शर्मा, चंद्रशेखर भारद्वाज, प्रदीप पांडे, मनोज कौशिक, सुभाष शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट : अरविंद कौशिक, शामली (उत्तर प्रदेश)
"समझो भारत" राष्ट्रीय समाचार पत्र/पत्रिका एवं न्यूज़ पोर्टल के लिए विशेष रिपोर्ट।

No comments:

Post a Comment