शामली। हिन्दी साहित्य भारती के तत्वावधान में आयोजित काव्य गोष्ठी ने साहित्य-प्रेमियों को कविता के विविध रंगों से सराबोर कर दिया। यह गोष्ठी डॉ. प्रीतम सिंह प्रीतम के प्रवास के अवसर पर श्याम लाल एडवोकेट की अध्यक्षता में तथा जनपद के चर्चित हास्य रसावतार अनिल पोपट कामचोर के संयोजन में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का सधा हुआ संचालन सुनील अरोरा ‘टम्मी’ ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में सुप्रसिद्ध शायर बृजेश चितेरा ने अपने सधे हुए शेरों से श्रोताओं को आत्मचिंतन की ओर मोड़ा। उन्होंने जीवन की क्षणभंगुरता और सपनों की नश्वरता को बखूबी उकेरते हुए कहा—
“ढलती उम्र है ढल जायेगी एक दिन,
है मोम सी, पिघल जायेगी एक दिन।
कहां तेरे सपने, कहां मेरे सपने,
इन सपनों को निगल जायेगी एक दिन।”
संचालक सुनील अरोरा टम्मी ने अपनी व्यंग्यात्मक कविता से सामाजिक-राजनीतिक पीड़ा को सरल शब्दों में प्रस्तुत किया—
“आओ बच्चों तुम्हे दिखायें शैतानी शैतान की,
नेताओं से बहुत दुखी है जनता हिन्दुस्तान की।”
राष्ट्रीय एकता के समन्वयक कवि राकेश शर्मा ने मानवीय संवेदनाओं और आत्मालोचना पर केंद्रित रचना से श्रोताओं को झकझोर दिया—
“नि:स्वार्थ प्रेम एक उच्च भावना, ढूंढ रहा हूं कण-कण में,
कमी निकालता है हर कोई,
नजर-नजर में, मन-मन में।”
हास्य के रंग बिखेरते हुए अनिल पोपट कामचोर ने अपने चुटीले अंदाज़ से सभागार को ठहाकों से भर दिया—
“पत्नी अगर पड़ौसन से प्यारी हो जाए,
दुनिया दूर सारी बिमारी हो जाए।
अपने ही घर में स्वर्ग का अहसास हो,
स्वर्गवासी होने की तैयारी हो जाए।”
देश के नामचीन शायर प्रदीप मायूस ने राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत शेरों के जरिए जोश भर दिया—
“बस एक यही बात है सबकी जुबान पर,
भारत का नाम लिख देंगे हम आसमान पर।
आंखें निकाल लेंगे और खेलेंगे गोटियां,
कोई नजर उठाए तो हिन्दुस्तान पर।”
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण डॉ. प्रीतम सिंह प्रीतम रहे, जिन्होंने ओजस्वी कविता के माध्यम से राष्ट्रविरोधी ताकतों को ललकारते हुए कहा—
“पटक-पटक कर मार देंगे बैरियों को,
दिल दहलाके देंगे सकते पे सकता।”
गोष्ठी में अवनी, अनन्या, अनन्त, महिपाल, रमेश सहित अनेक साहित्य-प्रेमी उपस्थित रहे।
यह साहित्यिक आयोजन न केवल काव्य-रस से भरपूर रहा, बल्कि सामाजिक सरोकार, हास्य, राष्ट्रभाव और मानवीय संवेदनाओं का सुंदर समन्वय भी प्रस्तुत करता नजर आया।
“समझो भारत” राष्ट्रीय समाचार पत्रिका के लिए
मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश से
ब्यूरो-चीफ: शौकिन सिद्दीकी
कैमरामैन: रामकुमार चौहान की विशेष रिपोर्ट
#samjhobharat
📞 8010884848
🌐 www.samjhobharat.com
✉️ samjhobharat@gmail.com
No comments:
Post a Comment