हाईवे पर दो बाइकों की भिड़ंत, मां-बेटा घायल

बिडौली। मेरठ-करनाल नेशनल हाईवे पर रविवार देर शाम केरटू फ्लाईओवर के पास दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार मां-बेटा घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की छाती की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया, जबकि महिला के हाथ की हड्डी टूट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बिडौली सादात निवासी सुहेल अपनी मां सितारा के साथ बाइक से कैराना क्षेत्र के गांव रामड़ा में रिश्तेदारी में गए थे। रविवार देर शाम दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। केरटू-मंसूरा मार्ग पर फ्लाईओवर के पास पहुंचते ही पीछे से आए अज्ञात बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही मां-बेटा सड़क पर गिरकर घायल हो गए, जबकि उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक के कई हिस्से टूटकर सड़क पर गिर गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को संभालते हुए परिजनों को सूचना दी। परिजन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बाइक सवार मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि हादसे में मां-बेटे की जान बच गई।

No comments:

Post a Comment