पचपेड़वा, बलरामपुर। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह बच्चों के व्यक्तित्व को आकार देने और उन्हें जीवन की सही दिशा दिखाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी भावना के साथ शिक्षक दिवस के अवसर पर पचपेड़वा के पुरानी बाजार स्थित जेएसआई स्कूल में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
शनिवार को विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के उन शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपने कार्य और समर्पण से अलग पहचान बनाई है। समारोह में शिक्षकों को 'डॉ. राधाकृष्णन एक्सीलेंट टीचर अवॉर्ड' प्रदान किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत पचपेड़वा के चेयरमैन रवि कुमार वर्मा रहे, जबकि सामाजिक कार्यकर्ता महबूब आलम खान ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सहभागिता की।पांच शिक्षकों को मिला सम्मान
समारोह के दौरान रवि कुमार वर्मा ने मो. अबुल लैस, श्रीमती पूनम, राम अशोक यादव, श्रीमती जरीना खातून और खेमराज चौरसिया को शॉल ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए रवि कुमार वर्मा ने कहा कि शिक्षक किसी भी समाज की मजबूत नींव होते हैं। उनके अनुसार, एक शिक्षक का काम सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रहता। वह बच्चों में अनुशासन, संस्कार, नैतिक मूल्यों और जीवन में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा करता है।उन्होंने कहा कि समाज को बेहतर दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है और उनके योगदान को सम्मान देना वास्तव में पूरे शिक्षा जगत का सम्मान है।
शिक्षा को सामाजिक बदलाव का आधार बताया
विशिष्ट अतिथि महबूब आलम खान ने शिक्षा को सामाजिक विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि किसी भी समाज की तरक्की का रास्ता शिक्षा से होकर गुजरता है। जब बच्चों को बेहतर शिक्षा और सही संस्कार मिलते हैं तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर दिखाई देता है।विद्यालय के प्रबंधक सगीर ए ख़ाकसार ने कहा कि शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित करने के पीछे मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को मजबूत करना है। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों का उत्साह बढ़ाना भी इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि जेएसआई स्कूल की ओर से लगातार तीन वर्षों से शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि शिक्षकों के योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किए जाने से समाज में शिक्षा और शिक्षक दोनों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है।
विद्यालय परिवार की रही मौजूदगी
समारोह में विद्यालय के प्रिंसिपल आर.पी. श्रीवास्तव के साथ शबाना खान, इरफान अहमद, अभय वर्मा, किशन श्रीवास्तव, शारीबा, सुशील यादव, अंजलि, शिव कुमार रेगमी, दीपा, किशोर, सोबिया, शिव कुमार, शमा, जैनब, वंदना, सरस्वती, सचिन, लक्ष्मी, पूजा सहित विद्यालय परिवार से जुड़े अनेक लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के सम्मान के साथ विद्यार्थियों में भी अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव देखने को मिला। समारोह ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि शिक्षा की यात्रा में शिक्षक की भूमिका सिर्फ कक्षा तक सीमित नहीं होती, बल्कि उनके संस्कार और मार्गदर्शन का प्रभाव विद्यार्थियों के पूरे जीवन पर पड़ता है।रिपोर्ट: सगीर ए ख़ाकसार
समझो भारत | शामली, उत्तर प्रदेश
No comments:
Post a Comment