झिंझाना में बड़ा हादसा टला, सड़क किनारे नाले में धंसा डीसीएम का पहिया
उत्तर प्रदेश के शामली जनपद के झिंझाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कैराना मार्ग पर स्थित गांव जमालपुर में प्राइमरी स्कूल के सामने एक डीसीएम वाहन का अगला पहिया सड़क किनारे बने नाले में धंस गया, जिससे वाहन वहीं रुक गया और संभावित बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम लगभग 8 बजे कैराना की ओर जा रही एक डीसीएम गाड़ी के सामने अचानक गन्ने से भरा ट्रक आ गया। टक्कर से बचने के लिए डीसीएम चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे करने की कोशिश की। इसी दौरान वाहन का अगला पहिया सड़क किनारे बने नाले में धंस गया और डीसीएम वहीं फंस कर रुक गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार यदि वाहन समय पर न रुकता तो वह अनियंत्रित होकर पास के मकान में घुस सकता था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और चालक भी सुरक्षित रहा।
डीसीएम चालक विनीत (निवासी रंगाना) ने बताया कि वह गुड़ लेकर हरियाणा की ओर जा रहा था। अचानक सामने गन्ने से भरा ट्रक आने के कारण उसे वाहन किनारे करना पड़ा, जिससे पहिया नाले में धंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और वाहन को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन रात में सफलता नहीं मिल सकी। बाद में रविवार सुबह वाहन को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
गांव के लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर भारी वाहनों की आवाजाही रहती है, जिससे सड़क किनारे बने मकानों को भी हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क और नाले की स्थिति सुधारने की मांग भी की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
रिपोर्ट: प्रेम चंद वर्मा
स्थान: झिंझाना, जिला शामली (उत्तर प्रदेश)
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा पंजीकृत राष्ट्रीय समाचार पत्र/पत्रिका एवं न्यूज़ पोर्टल “समझो भारत” के लिए विशेष रिपोर्ट
📞 संपर्क: 8010884848, 9528680561
🌐 www.samjhobharat.com
No comments:
Post a Comment