शामली, उत्तर प्रदेश। स्वतंत्रता दिवस केवल तिरंगा फहराने और देशभक्ति के गीत गाने का दिन नहीं, बल्कि उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का अवसर भी है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन तक न्योछावर कर दिया। इसी भावना के साथ जन कल्याण योग सेवा ट्रस्ट द्वारा भूमिया खेड़ा स्थित योग केंद्र पर 15 अगस्त का कार्यक्रम हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गान के साथ हुई। इसके बाद योग साधकों ने योग साधना की और स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में देशभक्ति से जुड़े प्रसंगों, कविताओं और विचारों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया।इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक कोरियर ने कहा कि देश आज जिन उपलब्धियों और स्वतंत्रता का आनंद ले रहा है, उसके पीछे हमारे स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष और बलिदान है। उन्होंने कहा कि आजादी के दीवानों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को स्वतंत्र कराया था। इसलिए नई पीढ़ी को स्वतंत्रता के इतिहास और उसके लिए किए गए संघर्ष को समझना चाहिए।
कार्यक्रम में ट्रस्ट की विभिन्न योग कक्षाओं के साधकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी की मौजूदगी में अध्यक्ष अशोक कोरियर के सानिध्य में ध्वजारोहण किया गया। तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से भर उठा।
पदाधिकारियों का किया सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान संस्था के पदाधिकारियों का सम्मान भी किया गया। साधकों ने ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी अरविन्द कौशिक और संगठन मंत्री सुनीत गुप्ता को पटका पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद संस्था के अध्यक्ष अशोक कोरियर को भी पटका पहनाकर सम्मान दिया गया।कार्यक्रम में भूमिया खेड़ा योग केंद्र से केंद्र प्रमुख संजय गर्ग, अमन गोयल, डॉ. नरेश सैनी, अरविंद कौशिक, सुनीत गुप्ता, महिपाल, रूपेश, देशपाल, रेखा देवी, अंगूरी बहिन सहित अनेक साधक मौजूद रहे।
वहीं आनंद भवन केंद्र से केंद्र प्रमुख मनोज गोयल, अनिल कुमार, देवेन्द्र शर्मा, वेद पाल, उमेश खुरगान, कुलश्रेष्ठ सैनी, रामकुमार चक्की वाले सहित अन्य साधकों ने सहभागिता की। शुगर मिल योग केंद्र के केंद्र प्रमुख डॉ. कुलदीप सहित अन्य साधक भी कार्यक्रम का हिस्सा बने।
देशभक्ति के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति के गीतों और कविताओं ने माहौल को उत्साहपूर्ण बनाए रखा। अंत में वन्दे मातरम् के साथ समारोह का समापन हुआ। इसके बाद साधक संदीप मित्तल की ओर से उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।
पूरे कार्यक्रम में योग, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिला। आयोजकों का कहना रहा कि ऐसे आयोजन लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के साथ-साथ देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की प्रेरणा देते हैं।
रिपोर्ट: अरविंद कौशिक, शामली, उत्तर प्रदेश
“समझो भारत” राष्ट्रीय समाचार पत्रिका/न्यूज़ पोर्टल के लिए विशेष रिपोर्ट
No comments:
Post a Comment