बिडौली सादात / झिंझाना (शामली)। पवित्र माह रमज़ान की रूहानी फिज़ा के बीच जनपद शामली के कस्बा झिंझाना क्षेत्र के बिडौली सादात स्थित मदीना मस्जिद में शनिवार देर रात तरावीह की नमाज़ के दौरान कुरान पाक मुकम्मल किया गया। इस मौके पर मस्जिद में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की और देश में अमन-ओ-अमान, खुशहाली तथा इंसानियत की भलाई के लिए खास दुआएं की गईं।
तरावीह की नमाज़ में कुरान पाक का मुकम्मल पढ़ना मुसलमानों के लिए बेहद अहम माना जाता है। शनिवार की रात यह मुकम्मल कुरान मौलाना जावेद और मौलाना अमजद नदवी की इमामत में पूरा हुआ। जैसे ही कुरान मुकम्मल हुआ, मस्जिद में मौजूद नमाज़ियों ने पूरे मुल्क की तरक्की, भाईचारे और शांति के लिए हाथ उठाकर दुआ मांगी।
इस अवसर पर उलेमा ने अपने बयान में रमज़ान की फज़ीलत पर रोशनी डालते हुए कहा कि रमज़ान रहमतों और बरकतों का महीना है। इस महीने में की गई नेक दुआएं और इबादतें अल्लाह की बारगाह में खास अहमियत रखती हैं। उन्होंने बताया कि तरावीह की नमाज़ के जरिए कुरान सुनना और समझना मुसलमानों के लिए बड़ी नेमत है।
मौलाना ने सदक़ा-ए-फितर और ऐतकाफ की अहमियत भी बयान करते हुए कहा कि समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों को ईद की खुशियों में शामिल करना हर मुसलमान की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कुरान इंसानियत के लिए हिदायत की किताब है, जो इंसान को सही रास्ता दिखाती है। जो लोग कुरान को याद करके हाफिज़ बनते हैं, वे बेहद खुशनसीब होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड-7 अध्यक्ष मोहम्मद मुस्तकीम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि रमज़ान और कुरान का आपस में गहरा रिश्ता है, क्योंकि इसी पाक महीने में कुरान नाज़िल हुआ था। उन्होंने शब-ए-कद्र की फज़ीलत का जिक्र करते हुए कहा कि यह रात हजार महीनों से बेहतर है और इस रात में अल्लाह की इबादत कर अपने गुनाहों की माफी मांगनी चाहिए।
तरावीह और कुरान मुकम्मल होने के इस खास मौके पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में नमाज़ी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर नमाज़ अदा की और मुल्क में अमन, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआएं कीं।
रिपोर्ट: शाकिर अली
पत्रकार, बिडौली सादात (झिंझाना)
जनपद शामली, उत्तर प्रदेश
प्रकाशन: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पंजीकृत
राष्ट्रीय समाचार पत्र/पत्रिका एवं न्यूज़ पोर्टल “समझो भारत”
मोबाइल: 8010884848, 9528680561
वेबसाइट: www.samjhobharat.com
No comments:
Post a Comment