जानलेवा हमले का आरोप: धारदार हथियार से सिर पर वार, मेडिकल जांच व मुकदमे की मांग


शामली | 26 दिसंबर 2025 
जनपद शामली के थाना बाबरी क्षेत्र अंतर्गत गांव हिरनवाड़ा से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार व डंडों से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने पुलिस से सख्त कार्रवाई और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता पिंकी, पुत्री पप्पू उर्फ राजेन्द्र, निवासी ग्राम हिरनवाड़ा थाना बाबरी, दिनांक 16 दिसंबर 2025 को अपने मायके आई हुई थी। बताया गया कि पूर्व में पीड़िता के परिवार द्वारा स्वेच्छा से भूमि दान की गई थी, लेकिन बाद में इसी बात को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया, जो समय के साथ बढ़ता चला गया और अंततः हिंसक झगड़े में तब्दील हो गया।

घर पर चढ़कर किया हमला

घटना दिनांक 26 दिसंबर 2025, समय करीब दोपहर 1 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि विपक्षीगण विशाल पुत्र संजू, अंशू उर्फ मंत्री पुत्र संजू, काजल पुत्री संजू, लोतेश पत्नी संजू, मोनू पुत्र राजू, सीमा पत्नी मोनू व मोनू के बच्चे हाथों में डंडे व सरिया लेकर पीड़िता के घर पहुंचे और गाली-गलौच शुरू कर दी।

उस समय घर पर केवल पीड़िता पिंकी, उसकी भाभी सुषमा पत्नी मनोज तथा बहन गूड्डन पुत्री पप्पन मौजूद थीं। जैसे ही पिंकी बाहर आई, आरोप है कि सभी ने एक राय होकर उसके सिर पर डंडे से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई।

मोबाइल व आभूषण लूटने का भी आरोप

पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने उसका मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह टूट गया। इसके साथ ही उसके गले से सोने की चेन व मंगलसूत्र भी छीन लिया गया। जब भाभी सुषमा और बहन गूड्डन ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

पुलिस से न्याय की गुहार

पीड़िता पिंकी ने थाना बाबरी के थानाध्यक्ष को लिखित प्रार्थना पत्र देकर अपना मेडिकल परीक्षण कराए जाने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है। मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है।


विशेष रिपोर्ट
संपूर्ण राजनीतिक समाचार पत्रिका के लिए
ब्यूरो चीफ: शौकिन सिद्दीकी
कैमरामैन: रामकुमार चौहान

📞 8010884848
🌐 www.vidhayakdarpan.com
📧 vidhayakdarpan@gmail.com


No comments:

Post a Comment