कैराना से पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद में पहुंचा लीज़ा इंटरप्राइज़ का जत्था, 6 हजार लोगों को राहत सामग्री वितरित

कैराना/पंजाब। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना से एक मानवीय राहत अभियान ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में उम्मीद की किरण जगाई है। कैराना के स्थानीय व्यवसायी और समाजसेवी साजिद अली के नेतृत्व में लीज़ा इंटरप्राइज़ की टीम ने बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री पहुँचाई, जिसमें लगभग 6000 लोगों के लिए खाना, बिस्कुट, पानी, फ्रूटी और आवश्यक दवाइयाँ शामिल थीं।

टीम ने राहत सामग्री अमृतसर, गुरदासपुर, डेरा बाबा मानका और आसपास के 20 गांवों में वितरित की। इस दौरान लुधियाना के शाही इमाम मौलाना मुहम्मद उस्मान लुधियानवी भी टीम के साथ मौजूद रहे और उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों को जरूरी सामान सीधे वितरित किया।

शाही इमाम मौलाना मुहम्मद उस्मान लुधियानवी पंजाब के प्रमुख धार्मिक और सामाजिक नेता हैं। वे लुधियाना की ऐतिहासिक जामा मस्जिद के शाही इमाम हैं और समाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं।

साजिद अली ने बताया कि बाढ़ की विभीषिका ने हजारों परिवारों को प्रभावित किया है और उनका मकसद है कि राहत सामग्री समय पर पहुँचे और लोगों की आवश्यकताएँ पूरी हो सकें। उन्होंने कहा, "यह हमारा फर्ज़ है कि मुश्किल समय में हम समाज के जरूरतमंदों के साथ खड़े हों।"

स्थानीय लोग इस पहल से भावुक हुए और उन्होंने साजिद अली और उनकी टीम की मदद की सराहना की। यह राहत अभियान न केवल बाढ़ पीड़ितों तक मदद पहुँचाने में सफल रहा, बल्कि कैराना और पंजाब के लोगों के बीच मानवता और एकजुटता की मिसाल भी पेश की।

लीज़ा इंटरप्राइज़ और शाही इमाम मौलाना मुहम्मद उस्मान लुधियानवी की यह संयुक्त पहल दिखाती है कि संकट के समय समाज के सक्रिय नागरिक किसी भी विपत्ति को चुनौती देने में सक्षम हैं। रिपोर्ट: गुलवेज़ आलम, कैराना

No comments:

Post a Comment