पिरान कलियर (हरिद्वार)। दरगाह क्षेत्र और नगर पंचायत पिरान कलियर में फैले भ्रष्टाचार, अवैध उगाही और मनमानी के खिलाफ सुराज सेवा दल ने गुरुवार को बड़ा कदम उठाया। संगठन के अध्यक्ष रमेश जोशी अपने पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित से मिले और ज्ञापन सौंपते हुए भ्रष्टाचार के मुद्दों पर गंभीर कार्रवाई की मांग की।
दरगाह प्रशासन व नगर पंचायत पर मनमानी का आरोप
सुराज सेवा दल ने स्पष्ट आरोप लगाया कि दरगाह प्रशासन और नगर पंचायत पिरान कलियर स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों को अतिक्रमण के नाम पर परेशान करते हैं। संगठन का कहना है कि जहां वास्तव में अतिक्रमण है, वहां राजनीतिक संरक्षण प्राप्त होने के कारण कोई कार्यवाही नहीं की जाती।
रमेश जोशी ने कहा—
“यदि क्षेत्र से भ्रष्टाचार समाप्त कर दिया जाए और दुकानदारों को स्वतंत्र रूप से रोजगार करने दिया जाए, तो पिरान कलियर की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है और यहां के लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं।”
वरिष्ठ पदाधिकारियों की चेतावनी
सुराज सेवा दल के वरिष्ठ पदाधिकारी इंतजार प्रधान ने कहा कि नगर पंचायत द्वारा दुकानदारों से की जा रही अवैध उगाही अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द ही प्रशासनिक स्तर पर ठोस कार्यवाही नहीं की गई तो संगठन बड़ा आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगा।
जिलाधिकारी ने दिलाया आश्वासन
बैठक में सुराज सेवा दल के पदाधिकारियों ने दरगाह क्षेत्र में खुलेआम चल रहे भ्रष्टाचार को लेकर जिलाधिकारी को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संगठन को आश्वासन दिया कि सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और समस्याओं का समाधान जल्द ही किया जाएगा।
आंदोलन की तैयारी
सुराज सेवा दल ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यदि नगर पंचायत और दरगाह प्रशासन की मनमानी व भ्रष्टाचार समय रहते खत्म नहीं हुआ, तो संगठन आंदोलन की रूपरेखा तय करेगा और जनता के हितों की रक्षा के लिए मैदान में उतरेगा।
✍️ समझो भारत राष्ट्रीय समाचार पत्रिका के लिए पिरान कलियर, हरिद्वार से पत्रकार तसलीम अहमद की रिपोर्ट
📞 8010884848
#samjhobharat
No comments:
Post a Comment