बिडोली। क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुर्जरपुर के मजरा रामनगर में शुक्रवार दोपहर रसोई में गैस सिलेंडर में लीकेज होने से अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख खाना बना रही युवती ने घबराने के बजाय साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उसने जलते हुए सिलेंडर को रसोई से बाहर आंगन में फेंक दिया। युवती की तत्परता और ग्रामीणों की सतर्कता से बड़ा हादसा होने से टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामनगर निवासी अंग्रेज सिंह की 18 वर्षीय पुत्री निपुण शुक्रवार दोपहर परिवार के लिए रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान गैस सिलेंडर में अचानक लीकेज होने से आग लग गई। सिलेंडर से आग की लपटें उठती देखकर निपुण ने हिम्मत दिखाते हुए जलते सिलेंडर को रसोई से बाहर फेंक दिया।
बेटी की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां बृजेश, जो उस समय आंगन में पशुओं को चारा डाल रही थीं, मौके पर पहुंचीं। सिलेंडर में आग लगी देखकर उन्होंने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और प्रयास कर आग पर काबू पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिलेंडर में लगी आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आंगन में खड़े पेड़ के करीब आधे हिस्से तक पहुंच गईं। समय रहते सिलेंडर को घर से बाहर कर दिए जाने और ग्रामीणों के पहुंचने से आग को फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने से गैस सिलेंडर को नुकसान हुआ है।
No comments:
Post a Comment