बिडौली। कादियान फर्टिलाइजर, बिडौली के सफलतापूर्वक एक वर्ष पूरा होने पर एडिग्रो क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में क्षेत्र के 150 से अधिक किसानों ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने किसानों को गन्ना, धान और उड़द की फसलों में होने वाली समस्याओं की पहचान, रोकथाम और बेहतर उत्पादन के वैज्ञानिक उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम में एडिग्रो क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड के बिजनेस हेड डॉ. अजय जावला ने किसानों से संवाद कर फसलों से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने गन्ने में लगने वाले प्रमुख कीट एवं रोगों की पहचान, उनके प्रभावी नियंत्रण और उत्पादन बढ़ाने के वैज्ञानिक तरीकों के बारे में बताया। डॉ. जावला ने कहा कि फसल में कीट या रोग के लक्षण दिखाई देने पर किसान लापरवाही न बरतें। समय रहते समस्या की सही पहचान कर वैज्ञानिक सलाह के अनुसार फसल प्रबंधन करने से नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने किसानों से आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने की अपील की।
गोष्ठी में धान और उड़द की फसल से जुड़ी समस्याओं पर भी विशेषज्ञों ने चर्चा की। किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनका विशेषज्ञों ने फसल प्रबंधन और निदान संबंधी सुझाव देकर समाधान बताया। कार्यक्रम का संचालन कादियान फर्टिलाइजर के संचालक प्रदीप कादियान ने किया। गोष्ठी में गौसगढ़, नई नगला, बिडौली, रंगाना और सिसौली समेत आसपास के गांवों से किसान पहुंचे। किसानों ने विशेषज्ञों से सीधे फसल संबंधी जानकारी मिलने को उपयोगी बताया और ऐसे आयोजनों की सराहना की।
No comments:
Post a Comment