बिडौली सादात में छप्पर में लगी आग, दो पशु झुलसे; घरेलू सामान जलकर राख, जनहानि टली

समझो भारत | विशेष संवाददाता
बिडौली सादात (झिंझाना), शामली।

थाना झिंझाना क्षेत्र के गांव बिडौली सादात में गुरुवार देर रात अज्ञात कारणों से एक पशुपालक के छप्पर में अचानक आग लग गई। हादसे में दो पशु झुलस गए, जबकि छप्पर में रखा चारा, घरेलू सामान एवं पशुपालन से संबंधित सामग्री जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की तत्परता से पशुओं को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी फरमान पुत्र शमशेर के घर के बाहर बने छप्पर में गुरुवार रात करीब 2:00 बजे अचानक आग भड़क उठी। उस समय छप्पर के नीचे पशु बंधे हुए थे। आग की लपटें देखकर परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पशुओं की रस्सियां खोलकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। हालांकि आग की चपेट में आने से दोनों पशु झुलस गए।

आग ने देखते ही देखते पूरे छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा चारा, घरेलू उपयोग का सामान और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई। पीड़ित फरमान ने बताया कि इस घटना में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की मांग की है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के अन्य घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।

रिपोर्ट: शाकिर अली
विशेष संवाददाता, "समझो भारत"
गांव बिडौली सादात, थाना झिंझाना, जिला शामली (उत्तर प्रदेश)

No comments:

Post a Comment