देवबंद। मोहल्ला पठानपुरा स्थित एमएफआर मेमोरियल स्कूल में आयोजित वार्षिक परीक्षा परिणाम समारोह उस समय खास बन गया, जब मंच पर समाजसेवा की मिसाल और ‘आयरन लेडी’ के नाम से विख्यात इरम उस्मानी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से पूरे कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी। उनके प्रेरणादायक शब्दों ने न केवल बच्चों, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों के दिलों में भी नई उम्मीद जगा दी।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता सलीम कुरैशी, कांग्रेस नेता राहत खलील और समाजसेविका इरम उस्मानी मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल प्रबंधन द्वारा अतिथियों के भव्य स्वागत के साथ हुई। स्कूल के प्रबंधक खलील खान ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किए गए और कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को मेडल व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। बच्चों की उपलब्धियों पर तालियों की गूंज से पूरा परिसर गूंज उठा।
इस मौके पर इरम उस्मानी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह सबसे मजबूत हथियार है, जो बच्चों के भविष्य को संवार सकता है। उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी का संदेश देते हुए कहा कि सफलता उन्हीं के कदम चूमती है, जो निरंतर प्रयास करते रहते हैं। उनके आत्मविश्वास से भरे शब्दों ने बच्चों के मन में नई ऊर्जा और कुछ बड़ा करने का जुनून भर दिया।
इरम उस्मानी की सादगी, दृढ़ता और समाज के प्रति समर्पण ने कार्यक्रम में मौजूद हर व्यक्ति को प्रभावित किया। एक मजबूत और संवेदनशील महिला नेतृत्व की झलक उनके व्यक्तित्व में साफ दिखाई दी, जिसने उन्हें ‘आयरन लेडी’ की पहचान दिलाई है। शिक्षा, समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनका योगदान लगातार लोगों के लिए प्रेरणा बनता जा रहा है।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्कूल स्टाफ, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। रिपोर्ट - गुलवेज़ आलम कैराना
#samjhobharat
8010884848
No comments:
Post a Comment