कैराना। नगर पालिका परिषद कैराना में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कस्बे के कई सभासदों ने पालिका के ठेकेदारों पर खुलेआम मानकों की अनदेखी कर घटिया निर्माण कराने और भ्रष्टाचार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर सभासदों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है।
कस्बे के विभिन्न वार्डों के निर्वाचित सभासद व उनके प्रतिनिधि तहसील मुख्यालय पहुंचे और सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी शामली अरविन्द कुमार चौहान को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका परिषद कैराना की ओर से वार्ड संख्या-22 के मोहल्ला खैलकलां में नाला निर्माण कराया जा रहा है, जबकि वार्ड संख्या-07 में नाला व सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है।
सभासदों का कहना है कि दोनों स्थानों पर निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के विपरीत कराया जा रहा है। आरोप लगाया कि जब वार्ड सभासद मौके पर पहुंचकर ठेकेदारों से एस्टीमेट के अनुसार कार्य करने को कहते हैं तो उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया जाता है और काम मनमाने तरीके से जारी रहता है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ ठेकेदार निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करने की फिराक में हैं। आरोप है कि ठेकेदार जानबूझकर काम को बीच में बंद कर देते हैं और पालिका के कुछ कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से अपनी रनिंग पेमेंट निकालने की तैयारी में रहते हैं, जिससे सरकारी धन की बर्बादी और जनता के साथ धोखा होने की आशंका बढ़ रही है।
सभासदों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि सभी निर्माण कार्यों की सक्षम अधिकारियों की निगरानी में जांच कराई जाए और यदि कहीं भी मानकों की अनदेखी या भ्रष्टाचार सामने आता है तो संबंधित ठेकेदारों व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
शिकायती पत्र पर सकुलत, तौसीफ चौधरी, मोहम्मद साजिद, मोहम्मद शाहिद, मोहम्मद फुरकान, राजपाल, मोहसीन अली, शबाना सहित अन्य सभासदों के हस्ताक्षर अंकित बताए गए हैं।
रिपोर्ट - इमरान अब्बास, कैराना
No comments:
Post a Comment