रिसॉर्ट में गैस सिलेंडरों का जखीरा मिलने से मचा हड़कंप, सपा नेता और पत्नी समेत कई पर मुकदमा

लखनऊ। राजधानी में गैस सिलेंडरों को लेकर बड़ा मामला सामने आने से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई। जिला प्रशासन की टीम ने मोहन रोड स्थित एक रिसॉर्ट पर छापेमारी कर 88 एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि यह रिसॉर्ट समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता सुरेंद्र कुमार उर्फ सोनू कनौजिया का है, जबकि भारत गैस एजेंसी उनकी पत्नी मंजू कनौजिया के नाम पर संचालित बताई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने शनिवार को रिसॉर्ट परिसर में दबिश दी।

 छापेमारी के दौरान वहां खड़ी बोलेरो मैक्सी ट्रक (UP32QN-5729) से भी गैस सिलेंडर बरामद किए गए। मौके पर मौजूद लोगों से जब सिलेंडरों से संबंधित दस्तावेज और रिकॉर्ड मांगे गए तो कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि रिसॉर्ट में 14.2 किलो के 65 खाली सिलेंडर, 9 भरे सिलेंडर तथा 5 किलो के 14 छोटे खाली सिलेंडर रखे हुए थे। प्रशासन के अनुसार यह सिलेंडर एजेंसी के अधिकृत गोदाम के बजाय रिसॉर्ट परिसर में रखे गए थे, जो नियमों के विपरीत पाया गया।

बताया जा रहा है कि मंजू कनौजिया के नाम से संचालित असीम भारत गैस एजेंसी का अधिकृत गोदाम रिसॉर्ट से करीब डेढ़ किलोमीटर दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में सिलेंडर रिसॉर्ट में मिलने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस मामले में काकोरी थाने में सुरेंद्र कुमार उर्फ सोनू कनौजिया, उनकी पत्नी मंजू कनौजिया, बोलेरो मैक्सी ट्रक के मालिक जमील अहमद, उन्नाव निवासी साहिल तथा एजेंसी मैनेजर मुन्ना उर्फ इक्तदा हुसैन के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

सपा के टिकट पर लड़ चुके हैं चुनाव
गैस सिलेंडर बरामदगी के बाद चर्चा में आए सोनू कनौजिया का समाजवादी पार्टी से राजनीतिक जुड़ाव भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार उन्होंने 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मलिहाबाद विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, हालांकि उस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।रिपोर्ट: गुलवेज़ आलम कैराना
#samjhobharat 
8010884848

No comments:

Post a Comment