ईद-उल-फितर से पहले बिडौली में स्वच्छता अभियान: ग्राम पंचायत ने गलियों में कराई सफाई

रिपोर्ट: शाकिर अली | समझो भारत

आगामी ईद-उल-फितर पर्व को देखते हुए ग्राम पंचायत बिडौली द्वारा गांव में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। सोमवार को पंचायत के निर्देशन में गांव की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई कराई गई, ताकि त्योहार से पहले गांव का वातावरण स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बिडौली सादात के ग्राम प्रधान कपिल कुमार के निर्देश पर यह सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने गांव बिडौली सादात और उसके मजरा बिडौली झिमरान की विभिन्न गलियों में साफ-सफाई कर कूड़ा-कचरा हटाया और स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त किया।

सफाई कर्मचारी शीशपाल ने बताया कि ईद के त्योहार को ध्यान में रखते हुए गांव में विशेष सफाई अभियान चलाया गया है, ताकि लोगों को साफ और स्वच्छ माहौल मिल सके। उन्होंने कहा कि पंचायत का प्रयास है कि त्योहार के मौके पर गांव में स्वच्छता बनी रहे और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस अभियान में सफाई कर्मचारी मिंटा कुमार, शौकीन और अजय कुमार सहित अन्य कर्मियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया और गांव की गलियों की सफाई सुनिश्चित की।

ग्राम पंचायत के इस प्रयास को ग्रामीणों ने सराहा और उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह समय-समय पर स्वच्छता अभियान चलाकर गांव को साफ और स्वच्छ बनाए रखा जाएगा।

— समझो भारत | बिडौली/झिंझाना, जिला शामली (उत्तर प्रदेश)

No comments:

Post a Comment