10 साल की मोहब्बत के बाद कोर्ट मैरिज, अब जान के डर से दर-दर भटक रहा शामली का प्रेमी युगल

मुजफ्फरनगर। दस वर्षों तक चले प्रेम संबंध के बाद विवाह करने वाले शामली के एक प्रेमी युगल को अब अपनी ही जान का डर सता रहा है। कोर्ट मैरिज के बाद दोनों ने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। प्रेमी युगल का कहना है कि उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है, लेकिन परिजनों के विरोध के चलते उन्हें किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शामली जनपद के कांधला क्षेत्र निवासी युवक आसिफ और युवती आयशा सलमानी पिछले करीब दस वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों एक-दूसरे के साथ जीवन बिताना चाहते थे, लेकिन जब उन्होंने अपने परिवारों के सामने विवाह की बात रखी तो इसका कड़ा विरोध शुरू हो गया। परिवार के विरोध और तनावपूर्ण माहौल के चलते दोनों ने घर छोड़कर विवाह करने का फैसला लिया।

बताया जा रहा है कि दोनों गाजियाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए कोर्ट मैरिज कर ली। विवाह के बाद दोनों को यह डर सताने लगा कि उनके इस फैसले से नाराज होकर परिजन उन्हें नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी आशंका के चलते प्रेमी युगल मुजफ्फरनगर पहुंचा और प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रेमी युगल ने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा और सहमति से विवाह किया है। उनका कहना है कि वे किसी प्रकार का विवाद नहीं चाहते, लेकिन हालात को देखते हुए उन्हें अपनी जान को लेकर खतरा महसूस हो रहा है। इसलिए उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए ताकि वे बिना किसी भय के अपना वैवाहिक जीवन शुरू कर सकें।

इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोगों के बीच इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि प्रेमी युगल की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और स्थिति के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट- गुलवेज़ आलम कैराना
#samjhobharat 
8010884848

No comments:

Post a Comment