बिड़ौली/झिंझाना (शामली)। शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में सेंट आरसी कान्वेंट स्कूल, झिंझाना ने एक सराहनीय पहल करते हुए मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित किया। इसी क्रम में विद्यालय परिसर में एक गरिमामय स्कॉलरशिप वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 10 और कक्षा 12 की टॉपर छात्राओं को कुल एक लाख रुपये की स्कॉलरशिप प्रदान की गई।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विद्यालय प्रशासन ने बताया कि सुगंध राहुल मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में गत वर्ष की कक्षा 10 की टॉपर नंदनी और कक्षा 12 की टॉपर उमरा खान को 50-50 हजार रुपये के अलग-अलग चेक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं प्रमुख समाजसेवी अशोक बहादुर ने दोनों छात्राओं को चेक सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसी पहलें विद्यार्थियों में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भरती हैं।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक प्रमोद कुमार सरोहा ने कहा कि सेंट आरसी कान्वेंट स्कूल प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिए सदैव प्रयासरत है। उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि यदि कक्षा 11 में किसी अन्य स्कूल या बोर्ड का टॉपर छात्र विद्यालय में प्रवेश लेता है, तो उसे भी एक लाख रुपये की अलग से स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी।
वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद खैवाल ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों और ट्रस्ट के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं और मेधावी छात्राओं की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी।
“समझो भारत” राष्ट्रीय समाचार पत्रिका के लिए झिंझाना, शामली (उत्तर प्रदेश) से पत्रकार शाकिर अली की खास रिपोर्ट।
No comments:
Post a Comment