✍️ सुरेन्द्र सिंह निरवाल | शामली (उत्तर प्रदेश)
शामली जनपद के लिए गौरव का क्षण उस समय आया, जब छत्तीसगढ़ में आयोजित 9वीं फेडरेशन कप नेशनल वुशु चैंपियनशिप–2025 में जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामली के होनहार खिलाड़ियों ने न सिर्फ पदक जीते, बल्कि पूरे जनपद का मान भी बढ़ाया।
प्रतियोगिता में अनिकेत तोमर (ग्राम हरिपुर) ने 52 किग्रा भार वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया, वहीं काजल मलिक (ग्राम सैल्फा) ने 75 किग्रा भार वर्ग में दमदार मुकाबले के बाद कांस्य पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खेल प्रेमियों और युवाओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।सम्मान समारोह में खिलाड़ियों का भव्य स्वागत
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से लौटने पर शामली आगमन के दौरान खिलाड़ियों का जिला वुशु संघ शामली द्वारा भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर संघ के नव मनोनीत अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री माननीय सुरेश राणा ने दोनों खिलाड़ियों को माल्यार्पण कर, मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। माननीय सुरेश राणा ने कहा कि शामली के खिलाड़ी निरंतर मेहनत और लगन से प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यही खिलाड़ी राष्ट्रीय के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। साथ ही उन्होंने जनपद में खिलाड़ियों के बेहतर प्रशिक्षण, खेल सुविधाओं के विकास और प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।खेल अधिकारियों व पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस सम्मान समारोह में जिला खेल अधिकारी अश्वनी त्यागी, जिला वुशु संघ शामली के सचिव आकाश चौधरी, रविश चौहान, भूपेंद्र देव, संवीर सिंह, मोनू जयंंत एवं आकांक्षा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने माननीय अध्यक्ष एवं विजेता खिलाड़ियों का स्वागत कर उनके इस शानदार प्रदर्शन की सराहना की।युवाओं के लिए प्रेरणा बने खिलाड़ी
शामली के इन खिलाड़ियों की उपलब्धि न केवल जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की प्रेरणा भी देती है। सही मार्गदर्शन और सुविधाएं मिलने पर शामली भविष्य में खेलों का एक मजबूत केंद्र बन सकता है।
"समझो भारत" राष्ट्रीय समाचार पत्रिका के लिए विशेष ब्लॉग रिपोर्ट
📍 शामली, उत्तर प्रदेश
✍️ पत्रकार: सुरेन्द्र सिंह निरवाल
📞 8010884848
🌐 www.samjhobharat.com
📧 samjhobharat@gmail.com
#samjhobharat
No comments:
Post a Comment