कैराना। कस्बे में एक पत्रकार को जेल में बंद गैंगस्टर से जानलेवा धमकी मिलना पूरे इलाके में सनसनी बन गया है। धमकी भी ऐसी कि – “तेरी हत्या की सुपारी दे रखी है, जल्द ही गोली से उड़ा दिया जाएगा।” इस धमकी के बाद पत्रकार समाज में गुस्से की लहर दौड़ गई है। मामला गंभीर देखकर थाना कैराना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एक साल पुरानी रंजिश, अब मौत की धमकी
पीड़ित पत्रकार आरिफ पुत्र मौ. अली, निवासी मोहल्ला आलकला कैराना लंबे समय से अपराधियों की करतूतें बेनकाब करता आ रहा है। इसी से खुन्नस खाए हिस्ट्रीशीटर इनाम उर्फ धुरी पुत्र अफजाल, निवासी मोहल्ला आर्यपुरी ने पहले भी उसके घर पर हमला किया था। उस हमले पर मु0अ0सं0 130/24 दर्ज हुआ था। तभी से यह गैंगस्टर पत्रकार से दुश्मनी पाल बैठा है।
कोर्ट पेशी के दौरान खुलेआम धमकी
2 सितम्बर दोपहर करीब 2 बजे जब पुलिस इनाम धुरी को कोर्ट में पेश करने ले जा रही थी, उसी वक्त उसने पत्रकार आरिफ को देखकर दहाड़ लगाई –
“तुझे मैं जेल के अंदर से ही मरवा दूँगा। सुपारी दे दी है, अब तेरा खात्मा तय है।”
उसकी यह जुबान सुनकर मौजूद लोग भी सन्न रह गए।
गैंगस्टर के घरवालों का भी आक्रामक रवैया
पत्रकार का कहना है कि इसके बाद जब उसने इनाम धुरी की पत्नी बिन्नी चौधरी, माँ हुस्न, बहन नूरी और साला जावेद उर्फ मिंटू से इस धमकी का जिक्र किया, तो चारों आग-बबूला हो गए। उन्होंने साफ कहा –
“हाँ, तेरी हत्या कराएंगे, सुपारी दे रखी है। अब तू बचेगा नहीं।”
पत्रकार और उसका परिवार तभी से दहशत में जी रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पत्रकार की तहरीर पर थाना कैराना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज़ी से की जा रही है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकार समाज में उबाल
इस धमकी ने पत्रकार समाज में गहरा आक्रोश भर दिया है। स्थानीय पत्रकार संगठनों ने कहा –
“पत्रकार पर हमला लोकतंत्र पर हमला है। यदि अपराधी जेल से ही सुपारी देकर धमकी दिला सकते हैं तो आम जनता की सुरक्षा कैसे संभव होगी?”
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पत्रकार को सुरक्षा दी जाए और आरोपी गैंगस्टर पर गैंगस्टर एक्ट व एनएसए में कार्रवाई हो।
जनता में खौफ
कैराना कस्बा सहमा हुआ है। मोहल्लों में चर्चा है कि अगर अपराधी जेल में रहकर भी हत्या की साज़िश कर रहे हैं तो आम आदमी कहाँ सुरक्षित है। एक बुज़ुर्ग निवासी ने कहा –
“ये केवल पत्रकार का मामला नहीं, बल्कि पूरे समाज की सुरक्षा का सवाल है।”
पत्रकार का ऐलान
धमकियों के बावजूद पत्रकार आरिफ ने कहा –
“मैं सच दिखाना नहीं छोड़ूँगा। चाहे कितनी भी धमकियाँ मिलें, मैं कलम की ताक़त से अपराध को बेनकाब करता रहूँगा।”
"समझो भारत" राष्ट्रीय समाचार पत्रीका के लिए पत्रकार गुलवेज़ आलम की रिपोर्ट
#samjhobharat
8010884848
No comments:
Post a Comment