कैराना में श्रीरामलीला महोत्सव का आग़ाज़, कल ध्वज झंडा शोभायात्रा के साथ होगी शुरुआत

कैराना। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने वाला श्रीरामलीला महोत्सव इस वर्ष भी कस्बा कैराना में पूरे उल्लास और श्रद्धा के साथ आयोजित किया जाएगा। नगर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और महोत्सव को लेकर जनमानस में गहरा उत्साह है। आयोजन समिति ने जानकारी दी कि महोत्सव की शुरुआत 7 सितंबर 2025, रविवार को दोपहर 3 बजे ध्वज झंडा शोभायात्रा के साथ होगी। यह शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए देवी मंदिर तक पहुंचेगी और वहां ध्वज चढ़ाने के साथ कार्यक्रम का विधिवत आग़ाज़ होगा।

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष जयपाल सिंह कश्यप एडवोकेट और महासचिव आलोक कुमार गर्ग व संदीप वर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 17 सितंबर 2025 को होगा। इस दिन भव्य शिव बारात शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके साथ रामलीला मंचन की भी शुरुआत होगी। मंचन प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से किया जाएगा, जिसमें भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र की प्रमुख घटनाओं और आदर्शों का सजीव प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।

आयोजन समिति के अनुसार, महोत्सव के दौरान कार्यक्रमों की श्रृंखला इस प्रकार तय की गई है—

7 सितंबर 2025 : दोपहर 3 बजे ध्वज झंडा शोभायात्रा, देवी मंदिर पर ध्वज चढ़ाया जाएगा।

17 सितंबर 2025 : शिव बारात शोभायात्रा, महोत्सव का विधिवत शुभारंभ और प्रथम दिवस का रामलीला मंचन।

18 सितंबर 2025 : दोपहर 2 बजे जुलूस काल शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से निकाली जाएगी।

23 सितंबर 2025 : श्रीराम बारात शोभायात्रा का आयोजन, जिसमें विभिन्न झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल होंगी।

2 अक्टूबर 2025 : विजयदशमी पर्व पर देवी मंदिर तालाब पर रावण दहन का भव्य आयोजन किया जाएगा।

3 अक्टूबर 2025 : भगवान श्रीराम के राजतिलक अभिषेक के साथ महोत्सव का समापन होगा।


रामलीला महोत्सव के दौरान प्रतिदिन मंचन के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है। नगर व आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुँचने की संभावना जताई जा रही है। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी नगर के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

आयोजकों ने बताया कि महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। उन्होंने नगरवासियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस परंपरा को सफल बनाने की अपील की।
"समझो भारत" राष्ट्रीय समाचार पत्रिका के लिए पत्रकार गुलवेज़ आलम की खास रिजर्व 
#samjhobharat
8010884848
www.samjhobharat.com 
samjhobharat@gmail.com 

No comments:

Post a Comment