कैराना। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कैराना के ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र की मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक अभियान चलाया। ग्राम भूरा स्थित आर्य समाज मंदिर परिसर और ऐरटी गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ के जरिए भाजपा ने विकास की नई इबारत लिखने वाली केंद्र सरकार के कार्यों का बखान किया।
सभा में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंचों पर नया सम्मान अर्जित किया है। उन्होंने कहा कि देश में अभूतपूर्व आधारभूत ढांचे का विकास, रिकॉर्ड तोड़ निवेश और जनकल्याणकारी योजनाएं मोदी सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद भाजपा नेत्री मृगांका सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मोदी सरकार ने समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य किया है। विशेषकर महिलाओं के उत्थान और सम्मान के लिए जो कदम उठाए गए हैं, वह ऐतिहासिक हैं। उन्होंने कहा कि मोदी युग में गरीब, किसान, श्रमिक, युवा और महिलाएं सभी सशक्त हुए हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कण्डेला मंडलाध्यक्ष एडवोकेट नेत्रपाल सिंह चौहान ने की, जबकि संचालन प्रमोद चौहान ने किया। सभा में क्षेत्रीय जनता की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।
इसी क्रम में ऐरटी गांव में आयोजित सभा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को विस्तार से रखा। देश में प्रगति की रफ्तार, वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती साख और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।
इस मौके पर ललितानंद तीर्थ महाराज, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनुज चौहान, डॉ. अनुराग शर्मा, डॉ. रफल सिंह, विलियम प्रधान, रामबीर प्रधान, प्रेम, नाथीराम, रवि भारद्वाज, रूपेश चौहान, अक्षय चौहान, रणवीर प्रधान, प्रताप जगनपुर, सोनू मास्टर समेत दर्जनों स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी चुनावों में पार्टी विकास और सुशासन के एजेंडे के साथ जनता के बीच जाएगी। समझो भारत न्यूज कैराना शामली,उत्तर प्रदेश से पत्रकार गुलवेज आलम की रिपोर्ट
No comments:
Post a Comment