अवैध संबंधों को लेकर जूता फैक्ट्री मालिक की गला रेतकर हत्या


आगरा। जनपद के थाना रकाबगंज क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान में सो रहे जूता फैक्ट्री मालिक की गला रेत कर हत्या कर दी गई है। आज शुक्रवार सुबह कारखाना मालिक का लहूलुहान शव निर्माणाधीन मकान में पड़ा मिला है। स्वजन ने पड़ोस में रहने वाले युवक और उसके परिवार के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। हत्या के पीछे अवैध संबंधों की आशंका जताई जा रही है। रकाबगंज क्षेत्र में छीपीटोला निवासी 25 वर्षीय सिकंदर का मकान बन रहा है। इसलिए उसका परिवार पड़ोस में एक मकान किराए पर लेकर रहता है। सिकंदर अपने निमार्णाधीन मकान में ही रात को सोता था।



गुरुवार रात को परिवार के लोगों के साथ खाना खाने के बाद सिकंदर अपनी निर्माणाधीन मकान में सोने चला गया। सुबह जब वह घर नहीं आया तो स्वजन ने निर्माणाधीन मकान में जाकर उसे देखा। वह लहूलुहान हालत में पड़ा था और गला कटा हुआ था। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सीओ सदर अर्चना सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई।



स्वजन ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाले बंटी और उसके परिवार के सदस्यों ने गला रेतकर सिकंदर की हत्या की है। सीओ सदर अर्चना सिंह का कहना है कि हत्या के पीछे अवैध संबंधों की आशंका जताई जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। अभी कोई पकड़ा नहीं गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। समझो भारत न्यूज उत्तर प्रदेश आगरा से पत्रकार अमीन अहमद की रिपोर्ट

@Samjho Bharat

8010884848

7599250450

No comments:

Post a Comment