लूट के मामले में फरार दस हजार का इनामी बदमाश चढ़ा पुलिस के हत्थे


लूट के मामले में फरार चल रहे दस हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। झबरेड़ा पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर आरोपित को लेकर पहुंची। आरोपित पर उत्तराखंड और उप्र में लूट और चोरी के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। वो दो साल से अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र में रह रहा था।_
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के मानकपुर गांव के पास वर्ष 2017 में बाइक लूट की घटना हुई थी। पुलिस ने कुछ दिन बाद बाइक लूट की घटना का पर्दाफाश करते हुए घटना में शामिल बदमाश गिरफ्तार किए थे। इस घटना में शामिल रहा मुख्य आरोपित सादिक उर्फ टीनू, निवासी लाठदेवा शेख, थाना झबरेड़ा फरार चल रहा था। पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था ने फरार आरोपित सादिक पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के प्रयासों के बावजूद आरोपित हाथ नहीं आ रहा था। आरोपित बीच-बीच में झबरेड़ा समेत अन्य क्षेत्रों में आकर विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाएं कर रहा था। जून और जुलाई में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया।_
_पुलिस काफी समय से इसकी तलाश में थी। कुछ दिन पहले आरोपित की लोकेशन पुलिस को महाराष्ट्र में होने की मिली थी। जिसके
आधार पर झबरेड़ा थाना प्रभारी रविंद्र शाह ने पुलिस टीम के साथ मिलकर ग्राम काटस, जिला पुणे, महाराष्ट्र से उसे 14 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे महाराष्ट्र की कोर्ट में पेश कर उसका ट्रांजिट रिमांड लिया। रविवार को पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर झबरेड़ा पहुंची और कोर्ट में पेश किया। थाना प्रभारी रविंद्र शाह ने बताया कि आरोपित पर झबरेड़ा, मंगलौर, भगवानपुर और गंगनहर कोतवाली में विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी के दर्जनों मुकदमे हैं। इसके अलावा उप्र के सरसावा में आरोपित के खिलाफ पॉक्सो का मुकदमा दर्ज है।_
 *महाराष्ट्र में.नाम बदलकर रह रहा था इनामी बदमाश*
पुलिस के अनुसार लूट के मामले में फरार बदमाश काफी समय से महाराष्ट्र के पाटस गांव में नाम बदलकर रह रहा था। लोगों की आंखों में धूल झोंकने के लिए वह एक चर्खी पर काम कर रहा था। पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र में भी वह घटनाएं कर रहा था। इसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

No comments:

Post a Comment