जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील धामपुर में हुआ संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई


 बिजनौर, 03 अक्टूबर। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में तहसील धामपुर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 192 शिकायती एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 07 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने उनके गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका नियमानुसार परीक्षण किया जाए तथा शिकायतकर्ता की समस्या का प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


उन्होंने महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों के मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने तथा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अवैध कब्जों एवं भूमि विवाद से संबंधित मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर स्थलीय जांच कराने तथा नियमानुसार शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।


जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध निस्तारण शासन एवं मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें तथा प्रत्येक प्रकरण में पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्रवाई करें।


संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान भूमि की पैमाइश कराने, भूमि पर से अवैध कब्जा हटवाने,चक रोड पर से अवैध कब्जा हटवाने, आवास योजना का लाभ दिलवाने ,पेंशन का लाभ दिलवाने सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 192 शिकायती व प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिनमें से 07 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया तथा शेष के गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।


इस अवसर पर पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

@ SAMJHO BHARAT 

Nitin Chauhan -7017912134

No comments:

Post a Comment