बिडौली/झिंझाना। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऊन ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों और कार्यालयों में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। शनिवार को कई स्थानों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान किया गया और विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देश के प्रति अपने प्रेम और सम्मान का इज़हार किया।
झिंझाना क्षेत्र में एआईएमआईएम पार्टी कार्यालय, मदरसा अरबिया अजमातुल उलूम और उच्च प्राथमिक विद्यालय बिडौली सादात में स्वतंत्रता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। विद्यालय में बच्चे तिरंगे के रंगों वाली वेशभूषा में पहुंचे तो पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में नजर आया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य वंदना अहलावत, पश्चिम प्रदेश संयुक्त सचिव हाफिज मोहम्मद इनाम, वार्ड अध्यक्ष मोहम्मद मुस्तकिम, अकरम खान, हाफिज आस मोहम्मद, हाफिज नवेद, पूर्व ग्राम प्रधान प्रत्याशी महबूब शाह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी दी और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद किया। हाफिज मोहम्मद इनाम ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी खूबसूरती उसकी विविधता में एकता है। देश में अलग-अलग बोलियां, वेशभूषाएं और परंपराएं होने के बावजूद हम सभी भारतीय होने के नाते एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।समारोह में बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छोटी बच्चियों की देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समारोह के समापन पर मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए और सभी को मिठाई खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन कर रहीं प्रधानाचार्य वंदना अहलावत ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जयभगवान मास्टर, परशौकीन, अय्यूब, नफीस, शौकीन ग्राम महासचिव, मनव्वर, इकबाल, इस्माइल, तौफीक, सलमान, अशरफ ग्राम अध्यक्ष, चंदा, शाहनवाज, कय्यूम, इकबाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।खास रिपोर्ट: शाकिर अली, शामली, उत्तर प्रदेश
प्रकाशन: “समझो भारत” — सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पंजीकृत, नई दिल्ली से प्रकाशित राष्ट्रीय समाचार पत्र/पत्रिका एवं न्यूज़ पोर्टल
संपर्क: 8010884848, 9528680561
वेबसाइट: www.samjhobharat.com
No comments:
Post a Comment