*ईरान-इज़राइल युद्ध का हवाला देकर शामली में एलपीजी गैस की कृत्रिम कमी दिखाकर उपभोक्ताओं को किया जा रहा परेशान – अंकित जैन*

गैस उपभोक्ताओं का उत्पीड़न किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल (पंजीकृत) के सहारनपुर मंडल अध्यक्ष अंकित जैन ने कहा कि शामली शहर में कुछ गैस एजेंसियों द्वारा वर्तमान में चल रहे Iran–Israel conflict का हवाला देकर एलपीजी गैस की कृत्रिम कमी बताई जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर गैस बुकिंग नंबर भी बंद बताए जा रहे हैं, जबकि बाजार में गैस की कालाबाजारी होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मनमानी के कारण आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारियों को भी गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया गया तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
अंकित जैन ने कहा कि वर्तमान समय में पवित्र रमजान का महीना चल रहा है और आगामी दिनों में ईद का त्योहार भी आने वाला है। इस दौरान एलपीजी गैस की आवश्यकता सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक बढ़ जाती है। ऐसे समय में यदि गैस की कृत्रिम कमी पैदा कर कालाबाजारी की जा रही है तो इससे आम जनता की समस्याएं और बढ़ेंगी। इस विषय में मुस्लिम समाज के कई लोगों द्वारा भी लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिनमें गैस उपलब्ध न होने और अतिरिक्त कीमत वसूले जाने की बात सामने आई है। इस गंभीर समस्या को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, शामली का एक प्रतिनिधिमंडल शामली जिलाध्यक्ष राजकुमार वर्मा के नेतृत्व में शीघ्र ही जिलाधिकारी से मुलाकात करेगा और पूरे मामले से अवगत कराएगा।
अंकित जैन ने कहा कि जिलाधिकारी से मांग की जाएगी कि गैस एजेंसियों की जांच कराकर दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके और उन्हें हो रही परेशानियों से राहत मिल सके। साथ ही प्रशासन से कालाबाजारी पर तुरंत रोक लगाने की भी मांग की जाएगी

No comments:

Post a Comment