कैराना में ‘भूमाफिया राज’ पर चला बुलडोजर, अवैध साम्राज्य मिनटों में मलबा—देखते रह गए लोग

कैराना (शामली)। कैराना में लंबे समय से पनप रहे भूमाफियाओं के नेटवर्क पर मंगलवार को प्रशासन ने ऐसा प्रहार किया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) की टीम ने अचानक कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बसाई जा रही कॉलोनियों पर बुलडोजर चला दिया। देखते ही देखते करोड़ों की जमीन पर खड़े ‘अवैध साम्राज्य’ मलबे में तब्दील हो गए।

सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई में एमडीए के सहायक अभियंता हितेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। शामली बाईपास फ्लाईओवर से खुरगान-भूरा बाईपास तक फैले इलाके में जांच के दौरान सामने आया कि भूमाफियाओं ने बिना किसी स्वीकृति के बड़े पैमाने पर प्लॉटिंग कर रखी थी। जमीन पर ईंटों से निशान लगाकर प्लॉट बेचे जा रहे थे और कॉलोनी के भीतर दुकानों तक की तैयारी चल रही थी।

जैसे ही बुलडोजर मौके पर गरजा, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, लेकिन प्रशासन की सख्ती के आगे किसी की एक नहीं चली। कुछ ही घंटों में अवैध प्लॉटिंग के निशान और निर्माण पूरी तरह ध्वस्त कर दिए गए। इस दौरान पुलिस बल ने पूरे क्षेत्र को घेरकर रखा, जिससे कोई बाधा न आ सके।

अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत है। कैराना और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय भूमाफियाओं की पहचान कर सूची तैयार की जा रही है। जो भी अवैध तरीके से जमीनों का कारोबार करेगा, उसके खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।

सूत्रों के मुताबिक, भूमाफिया लंबे समय से भोले-भाले लोगों को सस्ते प्लॉट का लालच देकर फंसा रहे थे। कई लोग अपनी जमा पूंजी लगाकर इन अवैध कॉलोनियों में निवेश कर चुके हैं। अब कार्रवाई के बाद ऐसे खरीदारों में भी चिंता बढ़ गई है।

प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि किसी भी जमीन या प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी वैधता की पूरी जांच जरूर करें। प्रशासन का कहना है कि अवैध निर्माण और भूमाफिया गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
रिपोर्ट - गुलवेज़ आलम कैराना
#samjhobharat 
8010884848

No comments:

Post a Comment