बिडौली/झिंझाना (शामली, उत्तर प्रदेश) शिया समुदाय के आख़िरी इमाम, हज़रत इमाम मेहदी अलैहिस्सलाम की विलादत के मुबारक मौके पर बिडौली सादात स्थित इमाम बारगाह में पूरी अकीदत और उल्लास के साथ रूहानी महफिल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इबादत, नज़र, शायरी और लंगर के जरिए भाईचारे और मोहब्बत का पैग़ाम दिया गया।
महफिल का आग़ाज़ क़ुरआन-ए-पाक की तिलावत से हुआ, जिसे मौलाना आबिद हुसैन शाह ने पेश किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान फ़ज़ल अली उर्फ अच्छू मियां ने की। इससे पहले सैय्यद आफ़ताब मेहदी के आवास पर नज़र का एहतमाम किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की।
महफिल में शायरों और नौहाख़्वानों ने इमाम मेहदी अलैहिस्सलाम की शान में कलाम और क़सीदे पेश किए। इस दौरान सैय्यद गुलाम अली, शहज़ाद शाह, रेहान हैदर, अली जोन, सैय्यद अली रज़ा, दानियाल ज़ैदी, सज्जाद ज़ैदी, क़ादिर अली, नफ़ीस शाह सहित कई शायरों की पेशकश ने माहौल को पूरी तरह रूहानी बना दिया। कार्यक्रम के दौरान लंगर का आयोजन किया गया और लोगों में मिष्ठान्न व उपहार वितरित किए गए। खास तौर पर बच्चों और युवाओं में इस मौके पर खासा जोश और उत्साह देखने को मिला, जो जश्न-ए-विलादत की रौनक को और बढ़ा रहा था।मौलाना ऑन मोहम्मद और वसी हैदर जैदी ने अपने बयानों में कहा कि हज़रत इमाम मेहदी अलैहिस्सलाम का इंतज़ार सिर्फ मुसलमान ही नहीं, बल्कि अल्लाह भी इंतज़ार करने वालों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि इमाम मेहदी को देखने के लिए भौतिक आंखों की नहीं, बल्कि पाक दिल और रूहानी नज़र की ज़रूरत होती है।
उन्होंने 14 शाबान की अहमियत पर रोशनी डालते हुए बताया कि इस्लामी कैलेंडर में यह तारीख़ आलम-ए-इस्लाम के लिए बेहद खास है। 14 शाबान की रात के बाद आख़िरी इमाम की विलादत होती है, जिसे पूरी दुनिया में अकीदत और खुशी के साथ मनाया जाता है। पूरी रात अकीदतमंदों ने जश्न मनाते हुए इमाम मेहदी अलैहिस्सलाम के जीवन और किरदार पर चर्चा की।महफिल के अंत में मौलाना ने सभी लोगों से इमाम मेहदी अलैहिस्सलाम की ज़िंदगी और उनके बताए रास्ते से प्रेरणा लेकर अमल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शुएब अख्तर, खुर्रम ज़ैदी, सम्मी शाह, नासिर अली, मोहम्मद अली, अम्मार हुसैन, साबिर शाह, सहजाद शाह, मोहसिन रिज़वी, मोहम्मद कैफ सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
“समझो भारत” राष्ट्रीय समाचार पत्रिका के लिए शामली, उत्तर प्रदेश से
पत्रकार शाकिर अली की खास रिपोर्ट
#samjhobharat
📞 8010884848
🌐 www.samjhobharat.com
✉️ samjhobharat@gmail.com
No comments:
Post a Comment