हरिद्वार धर्मनगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब,सभी ओर जय भोले हर हर- महादेव का उद्घोषइस बार कांवड़ जितने आकर्षक ढंग से सजे हैं, उतने ही अंदाज भी काफ़ी निराले हैं


हरिद्वार। कांवड़ यात्रा शुक्रवार को सातवें दिन में प्रवेश करने के साथ ही परम वैभव के शिखर की ओर बढ़ रही है। बड़ी संख्या में कांवड़ियों की मौजूदगी से धर्मनगरी सिंदूरी आभा बिखेर रही है। सातवें दिन 30 लाख से अधिक कांवड़िये हरिद्वार पहुंचे। अब तक यहां पहुंचने वाले कांवड़ियों का आंकड़ा डेढ़ करोड़ के करीब पहुंच गया है।


मां गंगा की गोद में आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ है। कदम-कदम पर कांवड़ियों की चहलकदमी है।इस बार कांवड़ जितने आकर्षक ढंग से सजे हैं, उतने ही अंदाज भी निराले हैं। शिवभक्ति में लीन कांवड़िये पुनीत लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं। कहीं चार-मंजिला कांवड़ है तो किसी दल ने दस मंजिला कांवड़ भी बनाया है।कोई अकेले कांवड़ लेकर चल रहा है तो कोई टोली में कांवड़ ला रहा हैं।

 कांवड़ियों के वाहनों के अग्रभाग और छतों पर विशालकाय शिव शंकर की मूर्ति स्थापित डाक कांवड़ का नज़ारा तो एकदम जुदा है।कांवड़ पटरी तो दिन रात एक जैसी लग रही है। कांवड़ पटरी से निरंतर बड़ी संख्या में कांवड़ियों का रेला लगातार गुज़र रहा है। ऐसा ही नज़ारा हरकी पैड़ी, मुख्य कांवड़ मेला बाज़ार का भी बना हुआ है। बम-बम भोले के जयघोष भी चारों पहर गूंज रहे हैं।

अब कांवड़िये कांवड़ पटरी मार्ग से जाने को राज़ी नहीं हैं। शुक्रवार को अधिकतर कांवड़िये दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर आ गए।  पुलिस ने समझाने का प्रयास किया तो उन्होंने हाईवे से जाने की जिद पकड़ते हुए हंगामा कर दिया। हालांकि अभी भी कावड़ पटरी कावड़ियों से भरी हुई है। हरिद्वार जिले के सभी प्रवेश मार्गों पर बम बम भोले  का उद्घोष हो रहा है।

 अब कावड़ियों की संख्या लगातार बढ़ती चली जाएगी। माना जा रहा है कि इसीलिए पुलिस प्रशासन के द्वारा आज रात से नया रूट प्लान लागू कर दिया गया है। ताकि कावड़ यात्रा को पूरी तरह सुचारु रखा जा सके। वहीं पश्चिम उत्तर प्रदेश के शिव भक्तों ने भी हरिद्वार पहुंचने की तैयारी शुरू कर दी है ।

कांवड़ियों के आगमन से भगवा रंग में रंगी शिक्षानगरी रुड़की 

रुड़की। हरिद्वार से कांवड़ में पवित्र गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्त कांवड़ियों के आगमन से शिक्षा नगरी रुड़की भी भगवा रंग में रंग गई है। कांवड़ियों की संख्या में काफ़ी तेज़ी से बढ़ोत्तरी हो रही है। शिवभक्त कांवड़ियों के बम-बम बोल बम के नारों से शहर भी गुंजायनमान हो गया है। दूसरी ओर, कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की भी तैनाती की गयी है जो पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर चौकस निगाह रखे हुए है।

 कांवड़ियों के विश्राम के लिए कांवड़ सेवा शिविर में विशेष व्यवस्था की गई है,जहां श्रद्धालु कांवड़ियों की सेवा में दिन रात जुटे हुए हैं। शुक्रवार को भी भारी संख्या में कांवड़िये भगवान शिव का जयकारा लगाते हुए शहर से होकर गुजरे।मंदिर में कांवड़ियों ने भगवान शिव की पूजा की तथा अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो गए। दूसरी ओर कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती गयी है जो पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर अपनी चौकस निगाहें रखे हुए है। 

कांवड़ के रंगों से सराबोर हुआ बहादराबाद क्षेत्र  

बहादराबाद। कांवड़ के रंगों से बहादराबाद सराबोर हो गया है। सड़कों पर केसरिया सैलाब उमड़ा है।हाईवे से लेकर शहर के आम रास्ते शिवमय हो गए हैं। झांकियों की छटा देखते ही बन रही है। जगह-जगह शिविर लगे हैं जिनमें डीजे की धुन पर भोला-भोली भगवान शिव के भजनों पर थिरक रहे हैं।

क्या महिलाएं,क्या बच्चे और क्या आम और क्या ख़ास सब एक रंग में रंगे हुए हैं। इस बीच डीजे कांवड़ का तो क्या कहना। एक लाख से लेकर पांच लाख की डीजे कांवड़ शिव भक्तों की टोली लेकर आ रही है। ऐसा लगता है कि मानो डीजे कांवड़ियों के बीच कोई मुकाबला हो रहा है। तेज़ आवाज़ और रात में रंगीन रोशनी से जगमग कांवड़ देखने को क्षेत्रीय लोगों का हुज़ूम उमड़ रहा है। "समझो भारत" राष्ट्रीय समाचार पत्रिका हरिद्वार, उत्तराखंड से पत्रकार तसलीम हमद की रिपोर्ट 
#samjhobharat 
8010884848

No comments:

Post a Comment