झिंझाना, शामली। नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन समेत विभिन्न मांगों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ऊन की संविदा एएनएम ने अनिश्चितकालीन धरना और कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया है। इस संबंध में शनिवार को संविदा एएनएम ने चिकित्सा अधीक्षक को पत्र सौंपकर अपनी मांगों को शासन तक पहुंचाने का अनुरोध किया।
संविदा एएनएम का कहना है कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रही हैं। उनके अनुसार, लखनऊ स्थित ईको गार्डन में संविदा एएनएम द्वारा 21 सितंबर से विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना दिया जा रहा है। इसी आंदोलन के समर्थन में सीएचसी ऊन की संविदा एएनएम ने भी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना और कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
इन मांगों को लेकर सौंपा पत्र
संविदा एएनएम की ओर से रखी गई प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता और अन्य देय सुविधाएं शामिल हैं।
इसके अलावा रिक्त पदों पर गृह जनपद अथवा उसके निकट स्थान पर स्थानांतरण की सुविधा तथा संविदा एएनएम के आश्रित को नियमानुसार अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने की मांग भी पत्र के माध्यम से रखी गई है।
एएनएम ने पत्र में कहा कि वे अपनी मांगों के समाधान की अपेक्षा कर रही हैं। साथ ही उन्होंने अपने पक्ष को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से रखने तथा विभागीय नियमों एवं सक्षम अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की बात कही है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सुदेश, एकता, कोमल, राखी, प्रियंका, सोनिया, सोनिया खान, सुमन देवी, सत्यवती सिंह, मिती, सृष्टि, सोमा, शकुन्तलता, पूजा शर्मा, किरण, लवी और महेश कुमारी समेत अन्य संविदा एएनएम मौजूद रहीं।
संविदा एएनएम की मांगें अब शासन तक पहुंचाने की तैयारी
सीएचसी ऊन की संविदा एएनएम द्वारा दिए गए पत्र के बाद उनकी मांगों को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा शुरू हो गई है। अब संविदा कर्मचारियों की नजर विभागीय स्तर पर होने वाली आगामी कार्रवाई और शासन की ओर से मिलने वाले जवाब पर है।
समझो भारत के लिए विशेष रिपोर्ट
शाकिर अली, पत्रकार
झिंझाना, शामली, उत्तर प्रदेश
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पंजीकृत एवं देश की राजधानी दिल्ली से प्रकाशित राष्ट्रीय समाचार पत्र/पत्रिका एवं न्यूज़ पोर्टल “समझो भारत”।
📞 संपर्क: 8010884848 | 9528680561
🌐 www.samjhobharat.com
No comments:
Post a Comment