अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नवसारी में 300 से अधिक विद्यार्थियों ने किया योगाभ्यास, स्वास्थ्य और अनुशासन का दिया संदेश

नवसारी (गुजरात)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संघ गंगा संघ एवं तपस्या नारी सेवा समिति चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में श्री वी.वी.पी.पी. विद्यालय तथा वी.एस. पटेल यू.एम. विद्यालय, कस्बा-गांव नवसारी में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को योग के महत्व, शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन तथा दैनिक जीवन में योग की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। योगाभ्यास के माध्यम से बच्चों को अनुशासन, एकाग्रता और सकारात्मक जीवन दृष्टि विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर गुजरात प्रांत सह-संयोजक ऋषिदा ठाकुर, कोषाध्यक्ष जयन्तीभाई पटेल, घाट आयाम उपप्रमुख नितिनभाई पटेल, परेशभाई नाइक, स्नेहाबेन तथा लक्ष्यभाई सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य उदयभाई नाइक एवं शिक्षिका बहनों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहे योग गुरु प्रशील परमार, जिन्होंने योग के क्षेत्र में तीन बार लिम्का वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित कर अपनी विशेष पहचान बनाई है। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। उनके अनुभव और प्रेरणादायक मार्गदर्शन ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।

आयोजकों ने बताया कि योग केवल एक शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है। ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार, सभी ट्रस्टियों, शिक्षकों, सहयोगियों तथा उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। अंत में सभी ने नियमित योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

🙏🏻🚩 हर हर गंगे 🚩🙏🏻

विशेष रिपोर्ट: ज़मीर आलम
गुजरात डेस्क | समझो भारत राष्ट्रीय समाचार पत्र/पत्रिका एवं न्यूज़ पोर्टल

No comments:

Post a Comment