अंबेडकर जयंती को लेकर स्योहारा में अमन कमेटी की बैठक, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

 


स्योहारा/बिजनौर। आगामी डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को स्योहारा थाना प्रांगण में अमन कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ नगर के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।बैठक की अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि स्योहारा क्षेत्र हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक रहा है। ऐसे में बाबा साहेब की जयंती पर निकलने वाली शोभायात्राओं के दौरान आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।पुलिस प्रशासन ने जानकारी दी कि जयंती के अवसर पर नगर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।बैठक के दौरान शोभायात्रा के निर्धारित रूट और समय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजकों को प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।कमेटी के सदस्यों ने भी बैठक में सक्रिय सहभागिता करते हुए बिजली, पेयजल और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।अधिकारियों ने आमजन से अपील करते हुए कहा, त्योहार आपसी भाईचारे और खुशियों का प्रतीक होते हैं। हम सभी का कर्तव्य है कि एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और बाबा साहेब के शांति, समानता व सामाजिक समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, एसएसआई सुरजीत सिंह, उपनिरीक्षक असगर खान, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक समय पाल सिंह, उपनिरीक्षक यशदेव शर्मा, उपनिरीक्षक अरुण कुमार और उपनिरीक्षक राजेश कुमार सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


@ SAMJHO BHARAT 

Nitin Chauhan -7017912134

No comments:

Post a Comment