बरेली कूच से पहले कांग्रेस नेता लोकेश कटारिया शामली कोतवाली में नजरबंद

शामली। "आई लव मोहम्मद" प्रकरण को लेकर प्रदेश में बढ़ते तनाव और बरेली कूच की आशंका के बीच पुलिस ने गुरुवार देर रात बड़ा कदम उठाते हुए कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष लोकेश कटारिया को नजरबंद कर दिया। पुलिस कर्मियों ने उन्हें उनके घर से पकड़कर सीधे कोतवाली ले जाकर नजरबंद किया। इस दौरान कोतवाली परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई और माहौल गरमा गया।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बरेली पहुंचकर इस मामले की जांच और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने का ऐलान किया था। इसी को लेकर शामली के वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व शहर अध्यक्ष लोकेश कटारिया भी बरेली जाने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी और अचानक कार्रवाई करते हुए उन्हें देर रात कोतवाली में नजरबंद कर दिया।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से यह प्रकरण संवेदनशील बना हुआ है और कई जिलों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। खुफिया एजेंसियों ने भी बरेली में संभावित भीड़ व विरोध प्रदर्शन की आशंका जताई थी। इस कारण जिले में हाई अलर्ट जारी है और बाहर से आने-जाने वाले नेताओं पर खास नजर रखी जा रही है।

नजरबंद किए जाने के बाद लोकेश कटारिया ने पुलिस कार्रवाई को लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए कहा, “भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज से डरकर पुलिस को आगे कर रही है। यह आवाज किसानों, मजदूरों, दलितों और पिछड़ों की है, जिसे किसी भी कीमत पर दबाया नहीं जा सकता।”

उधर, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि सरकार विपक्ष की ताकत से भयभीत है। उनका कहना है कि नेताओं को बरेली जाने से रोकना इस बात का सबूत है कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है। "समझो भारत" राष्ट्रीय समाचार पत्रिका के लिए गुलवेज आलम की रिपोर्ट 
#samjhobharat 
8010884848

No comments:

Post a Comment