नशे की हालत में चारपाई के नीचे मिली महिला: होटल स्वामी और मीना कुमारी पर गंभीर आरोप, 112 पुलिस ने किया रेस्क्यू।

 


नशे की हालत में चारपाई के नीचे मिली महिला: होटल स्वामी और मीना कुमारी पर गंभीर आरोप, 112 पुलिस ने किया रेस्क्यू।


जनपद बिजनौर के थाना मंडावली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मीटिंग के बहाने घर से बुलाई गई महिला को कथित तौर पर जबरन शराब पिलाकर बंधक बनाने और उसके जेवर गायब करने का आरोप लगा है। पीड़िता की बेटी की सूचना पर पहुंची पीआरवी 112 पुलिस ने महिला को होटल से बेहद खराब हालत में बरामद किया।

क्या है पूरा मामला?


ग्राम बुडगरा(थाना किरतपुर) निवासी विधि पुत्री चंद्रप्रकाश ने थाना मंडावली प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए बताया कि उनकी माता लता देवी को  मीना कुमारी ने फोन करके किसी मीटिंग के बहाने बुलाया था। लता देवी  सुबह लगभग 11:30 बजे घर से निकली थीं।

वीडियो कॉल की मांग पर काटा फोन, देर रात आया बदहवास कॉल।

शाम तक जब लता देवी घर नहीं लौटीं, तो बेटी विधि ने माता के फोन पर संपर्क किया। फोन मीना कुमारी ने उठाया और दावा किया कि लता देवी उसी के घर पर हैं। जब बेटी ने सच्चाई जानने के लिए वीडियो कॉल करने को कहा, तो मीना कुमारी ने फोन काटना शुरू कर दिया।

देर रात लता देवी का अचानक अपनी बेटी को फोन आया। उन्होंने रोते-बिलखते बताया, "ये लोग मुझे जबरदस्ती शराब पिला रहे हैं, कोई मुझे बचा लो।"

होटल संचालक पर बदतमीजी और धमकी का आरोप

आशंका होने पर बेटी विधि तुरंत मीना कुमारी के घर पहुंची, लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था। इसके बाद वह खोजबीन करते हुए भूपेंद्र देशवाल के होटल पहुंची। आरोप है कि होटल संचालक भूपेंद्र देशवाल ने पीड़िता की बेटी के साथ अभद्रता की और धमकी देते हुए कहा, "तू रात में मेरे होटल में क्या कर रही है? तुझ पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर थाने में बंद करवा दूंगा।"

चारपाई के नीचे कंबल में लिपटी मिलीं लता देवी, सोने के आभूषण गायब

परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधि ने तत्काल आपातकालीन सेवा यूपी 112 को कॉल किया। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने जब होटल में जांच-पड़ताल की, तो लता देवी कमरे में चारपाई के नीचे कंबल में लिपटी हुई गंभीर नशे की हालत में पाई गईं।

पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि इस दौरान लता देवी के शरीर से उनके सोने के कुंडल और लौंग समेत अन्य कीमती आभूषण गायब थे।

कानूनी कार्रवाई की मांग

बेटी विधि ने थाना मंडावली पुलिस को तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

@ SAMJHO BHARAT 

Nitin Chauhan -7017912134

No comments:

Post a Comment