झिंझाना। कस्बे के भाजपा जिला आईटी सहसंयोजक रवि गहलोत के पुत्र रितिक गहलोत ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में उपनिरीक्षक बनकर कस्बे और परिवार का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय औद्योगिक सुरक्षा एकेडमी में रितिक गहलोत का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने 13 माह का कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया।
दीक्षांत समारोह में रितिक गहलोत के पिता रवि गहलोत, माता अरुणा गहलोत और बहन तनु गहलोत विशेष रूप से पहुंचे। परिवार के सदस्यों ने रितिक को उपनिरीक्षक बनने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं को उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
रितिक गहलोत 18 अगस्त 2025 को हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय औद्योगिक सुरक्षा एकेडमी पहुंचे थे, जहां उन्होंने करीब 13 माह तक अनुशासन, शारीरिक दक्षता, सुरक्षा व्यवस्था, कानून एवं ड्यूटी से संबंधित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब वह केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में उपनिरीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
रितिक गहलोत ने अपनी प्रारंभिक एवं इंटर तक की शिक्षा कस्बे के एसडीएस कॉन्वेंट स्कूल से प्राप्त की। इंटरमीडिएट की परीक्षा में उन्होंने विद्यालय में टॉप कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी से बीएससी की शिक्षा प्राप्त की।
No comments:
Post a Comment